
गंगा स्नान को आए थे दिल्ली से, हाईवे पर डंपर ने कार को मारी ऐसी टक्कर कि उड़ गए परखच्चे
हरिद्वार। हरिद्वार में बुधवार सुबह तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे खड़ी दिल्ली नंबर की कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर सर्वानंद घाट के पास हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पिचक गई। हादसे की चपेट में आए दो पीआरडी जवान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार तड़के दिल्ली नंबर की एक कार सर्वानंद घाट के पास हाईवे किनारे खड़ी थी। कार में सवार यात्री गंगा स्नान के लिए घाट पर चले गए थे। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पीआरडी जवान अनिल कुमार और सचिन कुमार की नजर हाईवे किनारे गलत तरीके से खड़ी कार पर पड़ी।
दोनों जवान कार को हटवाने के लिए उसके मालिकों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा डंपर अनियंत्रित हो गया और सीधे कार से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पास खड़े दोनों पीआरडी जवान भी डंपर की चपेट में आकर घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही खड़खड़ी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल पीआरडी जवानों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार और डंपर को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दोनों घायल जवानों को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया है। डंपर को कब्जे में ले लिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच जारी है।









