लालकुआं में दर्दनाक हादसा: ट्रेन की चपेट में आकर अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत

लालकुआं (उत्तराखंड)। लालकुआं नगर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां वार्ड नंबर 6 के समीप रेल पटरी पर एक अज्ञात युवक की ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक तड़के करीब 4 बजे लालकुआं से आनंद विहार को जाने वाली रेलगाड़ी की चपेट में आ गया। हादसा इतना भयानक था कि युवक का शरीर क्षत-विक्षत हो गया और शरीर के अंग रेलवे ट्रैक पर दूर-दूर तक बिखर गए।

घटना की सूचना जीआरपी चौकी लालकुआं को सुबह लगभग 6 बजे मिली। सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी उपनिरीक्षक त्रिभुवन जोशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। शव को देख कर अनुमान लगाया जा रहा है कि मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास रही होगी।

पुलिस द्वारा मौके पर शव का पंचनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया गया है। जीआरपी पुलिस द्वारा युवक की शिनाख्त कराने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।

स्थानीय लोगों से बातचीत की जा रही है और आस-पास के क्षेत्रों में युवक की पहचान के लिए सूचना साझा की गई है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह हादसा दुर्घटनावश हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण रहा।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को इस युवक के बारे में जानकारी हो तो वे नजदीकी थाने या जीआरपी चौकी से संपर्क करें।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें