
निर्मला कॉन्वेंट स्कूल काठगोदाम में सीबीएसई की क्षमता संवर्धन कार्यशाला आयोजित, 50 शिक्षकों ने किया प्रतिभाग
काठगोदाम। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के प्रशिक्षण केंद्र देहरादून के तत्वावधान में निर्मला कॉन्वेंट स्कूल, काठगोदाम में एक दिवसीय क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में 50 शिक्षकों ने सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया।
कार्यशाला का संचालन सीबीएसई के संसाधन व्यक्तियों अभिषेक मित्तल एवं भगवान बल्लभ जोशी ने किया। दिनभर चली इस कार्यशाला में विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों को 3 से 8 वर्ष तक के बच्चों की आवश्यकताओं के अनुरूप फाउंडेशनल स्तर पर गतिविधि-आधारित शिक्षण के बारे में जानकारी दी गई।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के उद्देश्यों और भारतीय दर्शन के अनुरूप बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (एनसीएफ) पर आधारित यह प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
संसाधन व्यक्ति अभिषेक मित्तल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020, पंचकोशीय विकास, पंचदीप, निपुण भारत मिशन और भाषा विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया। वहीं, भगवान बल्लभ जोशी ने प्रभावी कक्षा प्रबंधन और अंक ज्ञान को लेकर रोचक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों पर केंद्रित शिक्षण के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सिस्टर स्मिता मैथ्यू ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के सफल क्रियान्वयन में शिक्षकों का प्रशिक्षण एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके तहत प्रत्येक शिक्षक के लिए प्रतिवर्ष 50 घंटे का प्रशिक्षण लेना आवश्यक है।
कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को नवीन शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना और प्रारंभिक स्तर पर बच्चों के सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, रोचक एवं गतिविधि-आधारित बनाना रहा।











