
हल्द्वानी: सड़क हादसे में 13 वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में रविवार को एक हृदयविदारक सड़क हादसे में 13 वर्षीय मासूम अर्जुन की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका फुटेज अब सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक अर्जुन उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का निवासी था। वह अपने बड़े भाई के साथ बाइक से गैस सिलेंडर भरवाकर घर लौट रहा था। इसी दौरान सड़क पर बने गड्ढे से बचने के प्रयास में ट्रक चालक ने अचानक कट मारा, जिससे बाइक असंतुलित हो गई। संतुलन बिगड़ते ही अर्जुन ट्रक की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि मासूम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मुखानी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर वाहन को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और चालक से पूछताछ जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही सड़क निर्माण में लापरवाही को लेकर निर्माणदाई संस्था को कड़ी फटकार लगाई गई है और सड़क की खराब स्थिति को जल्द सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने सड़क की जर्जर हालत को हादसे का प्रमुख कारण बताते हुए प्रशासन से त्वरित सुधार कार्य की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









