
मौत से पहले बनाया वीडियो, गर्भवती की आत्महत्या मामले में सास-ननद पर मुकदमा
छह माह के गर्भ में पल रहे शिशु की भी हुई मौत, दहेज उत्पीड़न और प्रताड़ना के आरोप
हल्द्वानी। दमुवाढूंगा क्षेत्र में छह माह की गर्भवती महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने सास और ननद के खिलाफ दहेज हत्या एवं दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतका के भाई का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसकी बहन को दहेज की मांग और घरेलू विवादों को लेकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। इस घटना में महिला के गर्भ में पल रहे छह माह के शिशु की भी मौत हो गई।
पुलिस को दी तहरीर में पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट निवासी संजय कुमार ने बताया कि उसकी 24 वर्षीय बहन मनीषा देवी का विवाह करीब चार वर्ष पूर्व दमुवाढूंगा के मल्ला प्लाट निवासी संतोष कुमार के साथ हुआ था। आरोप है कि विवाह के बाद से सास नन्दी देवी और ननद चम्पा दहेज की मांग को लेकर मनीषा का मानसिक उत्पीड़न करती थीं।
परिजनों के अनुसार, कई बार समझाने के बावजूद दोनों का व्यवहार नहीं बदला और मनीषा को लगातार परेशान किया जाता रहा। एक जून की दोपहर ससुराल पक्ष ने फोन कर बताया कि मनीषा की तबीयत खराब है और उसे महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो मनीषा की मौत हो चुकी थी।
मृतका के भाई ने पुलिस को बताया कि आत्महत्या से पहले मनीषा ने अपने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने सास और ननद पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो को पुलिस ने जांच के दायरे में ले लिया है।
काठगोदाम पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सास नन्दी देवी और ननद चम्पा के खिलाफ दहेज हत्या एवं दहेज उत्पीड़न की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ सिटी अमित कुमार ने बताया कि वीडियो सहित अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









