
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने भीमताल-नौकुचियाताल क्षेत्र में 1.45 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का किया लोकार्पण
भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नौकुचियाताल एवं आसपास के क्षेत्रों में लगभग 1 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुई विभिन्न विकास योजनाओं का कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि नौकुचियाताल–सिलोटीपंत मोटर मार्ग तथा दागड़–चनोती मोटर मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों, किसानों एवं पर्यटकों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। विशेष रूप से बरसात के दौरान इन मार्गों की स्थिति और अधिक खराब हो जाती थी। क्षेत्रवासियों की मांग पर इन सड़कों के सुधारीकरण एवं विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई।

उन्होंने बताया कि नौकुचियाताल–सिलोटीपंत मोटर मार्ग के टाइल्स द्वारा सुधारीकरण के लिए 90 लाख रुपये, दागड़–चनोती मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए 6 लाख रुपये, राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, नौकुचियाताल में योगा हॉल के फेब्रिकेशन कार्य के लिए 36 लाख रुपये तथा नौकुचियाताल झील किनारे बाखली में म्यूरल्स स्थापना के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। इन सभी कार्यों के पूर्ण होने के बाद आज उनका विधिवत लोकार्पण किया गया।

लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ एवं भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक क्षेत्र तक बेहतर सड़क, स्वास्थ्य एवं मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम में उपस्थित क्षेत्रीय जनता ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का फूल-मालाओं एवं ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया तथा विकास कार्यों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।









