दिल्ली में हुए लाठी चार्ज के विरोध में कांग्रेस ने फूंका भाजपा सरकार का पुतला

वंदना संदेश ब्यूरो

रुद्रपुर । दिल्ली जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किए जाने के विरोध मे और उन्हें न्याय दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी के नेतृत्व में तमाम कांग्रेसी शिव नगर के चामुंडा मंदिर के समीप एकत्र हुए और भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उसका पुतला फूंका। कांग्रेस जिला अध्यक्ष हिमांशु गावा ने कहा कि भाजपा सरकार लोकतंत्र को कुचलना चाहती है। पिछले एक माह से धरना देकर बैठे हुए छात्रों की आवाज नहीं सुनी जा रही और सरकार अपनी हठधर्मिता पर पड़ी हुई है।

उन्होंने कहा कि देश का युवा अब जाग चुका है और भाजपा के झूठे बहकावे में नहीं आएगा।कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ममता रानी ने कहा की नीट पेपर लीक के मामले को लेकर पिछले लगभग एक माह से छात्र जंतर मंतर पर धरना दे रहे हैं। उनकी मांग है कि पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपना इस्तीफा दे। छात्रों को समाजसेवी सोनम वांगचुक ने भी अपना समर्थन दिया और भूख हड़ताल शुरू कर दी। लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन धरना स्थल से उठाकर अस्पताल में भर्ती करा दिया। पिछले दिनों जब छात्र संसद का घेराव करने जा रहे थे तो पुलिस ने उन पर लाठी चार्ज कर दिया जिसमें तमाम छात्र घायल हो गए।

उन्होंने कहा यह भाजपा सरकार की दमनकारी नीति को दिखाता है जो छात्रों के आंदोलन को कुचलना चाहती है। उन्होंने कहा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी छात्रों के समर्थन में उतरे लेकिन पुलिस ने उन्हें भी जबरन हिरासत में ले लिया। राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस के तमाम नेताओं को भी पुलिस ने हिरासत में रखा। ममता रानी ने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ जनता सड़कों पर उतर चुकी है और आने वाले समय में इसे सत्ता से उखाड़ फेंकेगी। पुतला फूंकने वालों में परिमल राय, उमर अली,उमा सरकार, मोहन भारद्वाज, मधु सिकदर, राकेश अधिकारी ,नरेश सागर, रविंद्र गुप्ता ,अर्जुन विश्वास, इरफान अली,निहाल सिंह, राजीव राठौर,बेबी सिकदर, रेखा, रीना ,सुनील चुघ,बबलू सागर, राहुल ,ऋतिक ,पवन बिष्ट,नीलम ,विनीता ,संजीव, राज कोली ,संजीव गुप्ता आदि मौजूद थे।

ADVERTISEMENTS Ad Ad

सम्बंधित खबरें