
खुरपिया फॉर्म में महिला का शव मिलने से सनसनी, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
मंगलवार शाम से लापता थी महिला, रेलवे क्रॉसिंग के पास सुनसान क्षेत्र में मिला शव
लालकुआं। कोतवाली क्षेत्र के बेरीपड़ाव रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित खुरपिया फॉर्म में बुधवार सुबह एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुनसान इलाके में शव मिलने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनीता पत्नी स्वर्गीय संतपाल निवासी गोलागेट, बेरीपड़ाव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुनीता मंगलवार शाम से अपने घर से लापता थी। बुधवार सुबह खुरपिया फॉर्म क्षेत्र में उसका शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन राणा और हल्दूचौड़ चौकी प्रभारी अर्जुन नाथ गोस्वामी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फॉरेंसिक विशेषज्ञों की सहायता से घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं, जबकि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।









