
ऑपरेशन ‘प्रहार’ में नैनीताल पुलिस का बड़ा एक्शन: 66 लाख की स्मैक के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, नशे के नेटवर्क पर कड़ा वार
एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मुख्य आरोपी दबोचा, अलग-अलग मामलों में दो और तस्कर भी गिरफ्तार
नैनीताल जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त टीम ने 66 लाख 30 हजार रुपये कीमत की 221 ग्राम अवैध स्मैक के साथ एक बड़े तस्कर को गिरफ्तार किया है। वहीं, अलग-अलग कार्रवाइयों में दो अन्य तस्करों को भी दबोचा गया है। इस कार्रवाई को युवाओं में फैल रहे नशे के जाल पर पुलिस का बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों पर जिलेभर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्रा और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित सैनी के पर्यवेक्षण में 14 अप्रैल 2026 को प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता व एसओजी प्रभारी राजेश जोशी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने भोटिया पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय सिंह नेगी (35) पुत्र स्व. राम सिंह, निवासी ग्राम बैड़ा, थाना द्वाराहाट (अल्मोड़ा), हाल निवासी गंगा कॉलोनी, हल्द्वानी के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 125/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है।
बरामदगी का विवरण:
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से निम्न सामग्री बरामद की—
221 ग्राम अवैध स्मैक (कीमत लगभग ₹66,30,000)
₹14,520 नगद (नशे की बिक्री से प्राप्त)
एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू
एक मोबाइल फोन
इस सराहनीय कार्य के लिए एसएसपी ने पुलिस टीम को ₹1500 के पुरस्कार से सम्मानित किया है।
अन्य दो मामलों में भी कार्रवाई:
- राजपुरा, हल्द्वानी:
चौकी राजपुरा क्षेत्र में गोला गेट के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने गुलशन (28), निवासी वार्ड नंबर 13 राजपुरा को 4.18 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 126/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। - वनभूलपुरा, नैनीताल:
थाना वनभूलपुरा पुलिस ने चोरगलिया रोड से मेराज अली (45) निवासी वार्ड नंबर 24 को 11.72 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एफआईआर संख्या 64/2026 दर्ज की गई है। मेराज अली के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे शामिल हैं।
एसएसपी का संदेश:
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई गई है और ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ।
पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका दिया है। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत जारी इस अभियान से साफ संकेत है कि नैनीताल पुलिस नशे के खिलाफ आर-पार की लड़ाई लड़ने के मूड में है।









