
अल्मोड़ा: बाड़ेछीना में स्वच्छता अभियान, 35 किलो कचरा हटाया गया
अल्मोड़ा के निकट बाड़ेछीना रामलीला ग्राउंड के पीछे स्थित फील्ड में मंगलवार को “आरोही संस्था” के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान सुबह करीब 9:30 बजे शुरू हुआ, जिसमें सरस्वती शिशु विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्रों, शिक्षकों और स्थानीय महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
यह फील्ड अक्सर शादी समारोहों के लिए उपयोग में लाया जाता है, लेकिन कार्यक्रमों के बाद बड़ी मात्रा में डिस्पोजल बर्तन, पॉलिथीन, कांच की बोतलें और अन्य कचरा इधर-उधर फेंक दिया जाता था।

इससे मैदान के पीछे का हिस्सा, विशेषकर स्कूल की ओर, गंदगी का अंबार बन गया था, जो बच्चों और स्थानीय लोगों के लिए खतरा बन रहा था। स्थिति को देखते हुए चलाए गए इस अभियान में करीब 35 किलो से अधिक कचरा एकत्र कर सुरक्षित तरीके से निस्तारित किया गया। साथ ही झाड़ियों की कटान के बाद बचे अवशेषों को भी हटाकर क्षेत्र को साफ और सुरक्षित बनाया गया।

अभियान में कक्षा 12 ‘अ’ के छात्रों ने शिक्षक शिवराज मटेला के मार्गदर्शन में भाग लिया। स्थानीय ग्रामीण महिलाओं ने भी सहयोग करते हुए पूरे क्षेत्र की सफाई में योगदान दिया। “आरोही संस्था” ने बताया कि भविष्य में इस क्षेत्र में बांज, बुरांश और उतीश जैसे छायादार पेड़ लगाकर इसे हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है। संस्था द्वारा हर महीने स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन भी किया जाता है और आगे भी क्षेत्र में इस तरह के स्वच्छता अभियान जारी रहेंगे।स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।









