हल्द्वानी में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार बाइक की पिकअप से टक्कर, दो युवकों की मौके पर मौत

उत्तराखंड के हल्द्वानी में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। यह हादसा गौलापार क्षेत्र के कुंवरपुर बागजाला के पास उस समय हुआ, जब एक तेज रफ्तार बाइक ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सामने से आ रही गैस सिलेंडरों से लदी पिकअप वैन से जा टकराई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और पिकअप उनके ऊपर से गुजर गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान:

सुभान अंसारी (20 वर्ष) पुत्र रईस अहमद, निवासी बहेड़ी (बरेली)

फिरोज (25 वर्ष) निवासी गिरधरपुर, बहेड़ी (बरेली)

दोनों युवक हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में किराये पर रहकर मेहनत-मजदूरी करते थे। गुरुवार सुबह वे बाइक से गौलापार की ओर जा रहे थे कि यह दुखद दुर्घटना घटित हो गई।

पुलिस की कार्रवाई:

घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
काठगोदाम थाना प्रभारी पंकज जोशी ने बताया कि पिकअप के चालक और क्लीनर को हिरासत में ले लिया गया है। फिलहाल किसी पक्ष द्वारा तहरीर नहीं दी गई है।

पुलिस ने मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad

सम्बंधित खबरें