लिव इन रिलेशनशिप में रह रही महिला की दर्दनाक हत्या, चेहरे पर हुए कई वार, आंखें निकालीं, इस हालत में मिला शव

उत्तरप्रदेश के बरेली स्थित बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र की रामगंगानगर कॉलोनी के सेक्टर सात में प्रेमी के साथ लिव इन में रह रही महिला पिंकी सागर की धारदार हथियार से काटकर निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई। सहेली की सूचना पर पुलिस ने किराये के कमरे से शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पिंकी की मां ने बेटी के प्रेमी के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है, पुलिस प्रेमी की तलाश कर रही है। बारादरी थाने के हरुनगला निवासी पिंकी सागर (30) का पहले पति मदनपाल से करीब आठ साल पहले विवाद हो गया था। तब से वह अलग रह रही थी। फिलहाल काफी समय से वह अपने प्रेमी मेहतरपुर करोड़ गांव निवासी जोगेंद्र के साथ सहमति संबंध में किराये पर कमरा लेकर सेक्टर सात में रह रही थी। उसकी नौ साल की बेटी मुस्कान भी साथ रहती थी। फिलहाल मुस्कान हरुनगला में अपनी नानी सावित्री देवी के घर गई हुई थी। कैंट निवासी बबली की पिंकी से मित्रता थी। बबली के मुताबिक शुक्रवार शाम पिंकी उनके घर आई थी। रात में वह चली गई। उन्होंने शनिवार को कॉल की जो रिसीव नहीं हुई। दोपहर करीब एक बजे बबली सीधे पिंकी के कमरे पर चली आईं। बाहर से दरवाजे पर कुंडी लगी थी। उन्होंने दरवाजा खोला तो अंदर जमीन पर पिंकी का रक्तरंजित शव पड़ा था। बबली ने इसकी सूचना पिंकी की मां सावित्री को दी, जिसके बाद वह घटनास्थल पर आ गईं। बिथरी इंस्पेक्टर संजय सिंह भी पुलिस के साथ पहुंच गए। प्रेमी पर ही हत्या का शक जताकर पिंकी की मां ने तहरीर दी है। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि आरोपी जोगेंद्र की तलाश की जा रही है, इसके बाद ही हत्या की वजह और कातिलों की संख्या को लेकर स्थिति साफ हो सकेगी।

सम्बंधित खबरें