पहाड़ी आर्मी का भैरव चौक में धरना, पीड़ित फौजी परिवारों के समर्थन में विकास प्राधिकरण का पुतला दहन

हल्द्वानी। पहाड़ी आर्मी उत्तराखंड के बैनर तले भैरव चौक, हल्द्वानी बाजार में पीड़ित पहाड़ी फौजी परिवारों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विकास प्राधिकरण का पुतला दहन कर प्रशासन के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया। धरने का नेतृत्व नगर अध्यक्ष फौजी भुवन चंद्र पाण्डेय ने किया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भैरव चौक क्षेत्र में तीन पहाड़ी परिवारों से उनकी दुकानें और मकान अवैध रूप से छीने गए हैं। कोरोना काल के दौरान आग से क्षतिग्रस्त हुए मकान-दुकानों को केवल मरम्मत के लिए खाली कराया गया था, लेकिन बाद में उन्हें अन्य लोगों को बेच दिया गया। जबकि कुमाऊँ आयुक्त और विकास प्राधिकरण सचिव द्वारा नजूल भूमि पर बने अवैध निर्माण को गिराने के आदेश जारी किए जा चुके हैं, इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

जिला अध्यक्ष राजेंद्र कांडपाल ने कहा कि पहाड़ी आर्मी पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने तक उनके साथ खड़ी रहेगी और यह धरना प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगा। महिला जिला अध्यक्ष प्रेमा मेर और नगर अध्यक्ष कविता जीना ने भी पीड़ित परिवारों के साथ एकजुटता जताई।

पीड़ित पक्ष से दीपा बोरा, मोहन कांडपाल और विनोद बिष्ट ने अपने दस्तावेज प्रस्तुत कर पूरे मामले की जानकारी दी। दीपा बोरा ने घोषणा की कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।

सम्बंधित खबरें