पत्नी से विवाद के चलते पार्षद सौरभ ने खुद पर कराया हमला, विधायक तिलक राज बेहड़ पत्रकार वार्ता में फूट-फूटकर रोए

रुद्रपुर में विधायक तिलक राज बेहड़ के पुत्र एवं पार्षद सौरभ राज बेहड़ पर हुए कथित हमले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि यह हमला किसी अज्ञात व्यक्ति ने नहीं, बल्कि पारिवारिक विवाद के चलते खुद सौरभ राज बेहड़ ने अपने ऊपर करवाया था। इस खुलासे के बाद शहर की राजनीति और समाज में हलचल मच गई है।

घटना को लेकर विधायक तिलक राज बेहड़ ने अपने आवास पर पत्रकार वार्ता आयोजित की। इस दौरान वे भावुक हो गए और फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने कहा कि सौरभ ने अपनी पत्नी से विवाद के चलते सहानुभूति बटोरने के उद्देश्य से दोस्तों के साथ मिलकर यह षड्यंत्र रचा। विधायक ने कहा, “जब अपना ही सिक्का खोटा हो, तो दूसरे से क्या कहा जाए। घर के चिराग ने ही घर में आग लगा दी।”

विधायक बेहड़ ने बताया कि शादी के बाद उन्होंने सौरभ को उसके अधिकारों के साथ परिवार से अलग कर दिया था। बाद में किडनी दान करने के बाद पारिवारिक संबंध फिर से जुड़े और आना-जाना शुरू हुआ, लेकिन इस घटनाक्रम ने सब कुछ समाप्त कर दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह अपने पुत्र सौरभ से पूरी तरह संबंध विच्छेद करते हैं और उसके गुनाह की जो भी सजा तय हो, वह स्वीकार्य है। “मैं उसे जीवन भर माफ नहीं कर पाऊंगा,” उन्होंने कहा।

विधायक बेहड़ ने इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा मिले सहयोग के लिए आभार जताते हुए उनसे माफी भी मांगी। साथ ही उन्होंने मामले का निष्पक्ष खुलासा करने के लिए पुलिस विभाग का धन्यवाद किया।

पुलिस का खुलासा
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि पारिवारिक विवाद के चलते सौरभ राज बेहड़ ने अपने मित्र घास मंडी निवासी इंद्र नारंग के साथ मिलकर साजिश रची। इस साजिश में वंश कुमार, बादशाह और दीपक सिंह को शामिल किया गया, जिन्हें इस वारदात के लिए ₹1500 दिए गए। घटना के बाद इंद्र ने बाइक पंतनगर में छिपा दी और कार से आरोपियों को ले गया।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से दो तमंचे, एक जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया गया है, जबकि घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह खुलासा न केवल एक बड़े राजनीतिक परिवार के लिए झटका है, बल्कि समाज के लिए भी एक गंभीर संदेश छोड़ता है।

सम्बंधित खबरें