
पंतनगर में 13 से 16 मार्च तक लगेगा 119वाँ अखिल भारतीय किसान मेला, सीएम धामी करेंगे उद्घाटन
पंतनगर। Govind Ballabh Pant University of Agriculture and Technology, पंतनगर में 13 से 16 मार्च 2026 तक 119वाँ अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। इस चार दिवसीय मेले का उद्घाटन 13 मार्च को पूर्वाह्न 11 बजे गांधी हॉल में Pushkar Singh Dhami द्वारा किया जाएगा, जबकि समापन समारोह 16 मार्च को अपराह्न 3 बजे आयोजित होगा।
किसानों के लिए आयोजित इस मेले में आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों और नवीन कृषि यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके साथ ही किसानों को खरीफ फसलों की नई प्रजातियों के बीज, मिनीकिट, शाक-भाजी, फल, कृषि वानिकी, सगंधीय और औषधीय पौधों के बीज व पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। विश्वविद्यालय के विभिन्न कृषि प्रकाशन भी मेले में रियायती दरों पर बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे।
मेले में किसानों के लिए कई आकर्षक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें फल-फूल और शाक-भाजी प्रदर्शनी, परिरक्षित खाद्य पदार्थों की प्रदर्शनी, संकर बछियों की नीलामी, मत्स्य उत्पादन प्रदर्शनी, कृषक-वैज्ञानिक संवाद, तथा गाय-भैंस की पशु प्रदर्शनी व प्रतियोगिता प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा किसानों को मत्स्य अंगुलिकाओं के आरक्षण और आपूर्ति की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. जितेन्द्र क्वात्रा ने किसानों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त करें तथा इसका लाभ उठाएं। “खेती में विज्ञान, खुशहाल किसान” की थीम पर आयोजित यह किसान मेला किसानों के लिए नई तकनीकों, ज्ञान और कृषि नवाचारों का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।









