चंपावत से प्रेरणादायक सफलता की कहानी

सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद चंपावत जिले के सिमाड़ गांव के युवा संदीप कुमार ने असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) परीक्षा उत्तीर्ण कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कोयाटी ग्राम पंचायत निवासी टैक्सी चालक पुष्कर राम के पुत्र संदीप ने ऑल इंडिया में 2016वीं रैंक और अपनी कैटेगरी में 57वीं रैंक प्राप्त कर न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे जनपद का नाम रोशन किया है।

संदीप की शुरुआती शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय सैंडला सिमाड़ से हुई। इसके बाद उनका चयन जवाहर नवोदय विद्यालय, चंपावत में हुआ, जहां से उन्होंने पीसीएम विषय के साथ इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक किया।

खास बात यह है कि संदीप ने यह सफलता अपने पहले ही प्रयास में हासिल की, जो उनकी मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

संदीप की सफलता पर क्षेत्र के कई सामाजिक और गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी माता सरिता देवी गृहिणी हैं, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी बेटे की शिक्षा में पूरा सहयोग दिया।
यह सफलता उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का हौसला रखते हैं।

सम्बंधित खबरें