
ऑपरेशन प्रहार” का बड़ा असर: रामनगर में LPG गैस कालाबाजारी गैंग का भंडाफोड़, 2 सगे भाई गिरफ्तार
नैनीताल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त निर्देशों के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत रामनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध रूप से घरेलू LPG गैस सिलेंडरों की रिफिलिंग और कालाबाजारी कर रहे एक गैंग का भंडाफोड़ करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है।
9 अप्रैल 2026 को एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण में कोतवाली रामनगर पुलिस टीम ने खराड़ी क्षेत्र में एक मकान पर छापेमारी की। छापे के दौरान मौके पर घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण और रिफिलिंग का कार्य संचालित पाया गया।
पुलिस ने मौके से कुल 34 छोटे-बड़े गैस सिलेंडर, LPG रिफिलिंग उपकरण, तराजू-बांट तथा लगभग आधा ड्रम डीजल बरामद किया। साथ ही मौके पर ही अवैध रिफिलिंग करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन उर्फ भल्ला (26 वर्ष) और शहजाद उर्फ शैजी (23 वर्ष) निवासी खताड़ी, रामनगर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
SSP का सख्त संदेश:
एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा है कि जनसुरक्षा से खिलवाड़ और LPG की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
आमजन से अपील:
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी गैस की अवैध रिफिलिंग, भंडारण या कालाबाजारी की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को 112 नंबर या नजदीकी थाने में सूचित करें।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम:
व.उ.नि. दीपक बिष्ट, उ.नि. वीरेंद्र सिंह बिष्ट, उ.नि. धर्मेंद्र कुमार, कां. अमित कुमार, कां. गगन भंडारी, कां. संजय सिंह, म.का. रेशू









