
उत्तराखंड में कोर्टों को सिलसिलेवार बम धमकी, तीसरे दिन भी हड़कंप
देहरादून और हरिद्वार जिला न्यायालय को धमकी, पुलिस और बम निरोधक दस्ता मुस्तैद
देहरादून। उत्तराखंड में जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नैनीताल और उत्तरकाशी के बाद अब देहरादून और हरिद्वार जिला न्यायालय को भी धमकी भरे ईमेल मिले हैं। बुधवार को लगातार तीसरे दिन देहरादून जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की चेतावनी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
जिला जज कार्यालय की ओर से पुलिस को तत्काल सूचना दी गई, जिसके बाद न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस ने चेकिंग बढ़ा दी है और संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखने पर तुरंत सूचना देने के निर्देश जारी किए हैं।
हरिद्वार में सघन तलाशी अभियान
जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा मेल आने के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ता अलर्ट मोड पर आ गया। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की ओर से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजे जाने के बाद बुधवार सुबह से ही संयुक्त टीमों ने न्यायालय परिसर का कोना-कोना खंगाला।
एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह की मौजूदगी में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं।
कई जिलों में मिल चुकी है धमकी
पिछले दो दिनों में उत्तरकाशी, हरिद्वार, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिला न्यायालयों को धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं।
सोमवार को नैनीताल और उत्तरकाशी, जबकि मंगलवार को पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और बागेश्वर जिलों में भी इसी तरह की धमकी सामने आई थी।
धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए उत्तराखंड के चार जिलों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की भी कई टीमें जांच में जुटी हैं। साइबर सेल और खुफिया एजेंसियां ईमेल ट्रेस करने का प्रयास कर रही हैं।
गौरतलब है कि इन धमकियों के बीच मंगलवार को उत्तराखंड बार काउंसिल के 23 सदस्यों के चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गए। लगातार मिल रही धमकियों ने न्यायालय परिसरों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है और आमजन को घबराने की जरूरत नहीं है।









