
हल्द्वानी न्यूज़ | देर रात युवक की गोली मारकर हत्या, भाजपा पार्षद पर आरोप
हल्द्वानी शहर में देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घर के बाहर खड़े एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इस मामले में नगर निगम के भाजपा पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू पर गोली चलाने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी पार्षद को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान नितिन लोहानी (22) पुत्र निवासी हल्द्वानी के रूप में हुई है। नितिन दिल्ली में पढ़ाई करता था और 28 दिसंबर को अपने घर हल्द्वानी आया हुआ था।
होटल की रेकी के शक में हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार घटना रात करीब 12 बजे की है। नितिन लोहानी अपने एक दोस्त के साथ आरोपी पार्षद के होटल के पास घूम रहा था। इसी दौरान पार्षद को शक हुआ कि दोनों युवक उसके होटल की रेकी कर रहे हैं। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है, गुस्से में आकर पार्षद अमित बिष्ट ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से नितिन पर गोली चला दी। गोली लगते ही नितिन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
अस्पताल में तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया।
पहले भी विवादों में रहा है आरोपी पार्षद
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी पार्षद अमित बिष्ट का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। उस पर पूर्व में मारपीट और अन्य मामलों के आरोप लगते रहे हैं। कुछ माह पहले उससे जुड़े एक मामले को लेकर विधायक बंशीधर भगत को कोतवाली के बाहर धरने पर भी बैठना पड़ा था।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं और हत्या के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया हत्या का कारण हालिया विवाद माना जा रहा है। आरोपी पार्षद को रात में ही हिरासत में ले लिया गया था और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









