
सातताल झील का टूटा पुल बना खतरा, पर्यटन सीजन में पर्यटकों की सुरक्षा पर उठे सवाल
नैनीताल। झीलों की नगरी सातताल झील में दैवीय आपदा के बाद से टूटा पड़ा पुल अब पर्यटकों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन गया है। ग्रीष्मकालीन पर्यटन सीजन में यहां हजारों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, लेकिन पुल की जर्जर स्थिति के कारण उन्हें हर समय हादसे का डर बना रहता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के टूटे होने से आने-जाने में काफी दिक्कतें हो रही हैं और किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है। इसके बावजूद अब तक पुल के पुनर्निर्माण को लेकर प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
सामाजिक कार्यकर्ता पूरन बृजवासी और पूर्व सभासद प्रदीप कुमार बबलू ने जिला प्रशासन से पर्यटन की दृष्टि से इस पुल का जल्द से जल्द उच्च गुणवत्ता के साथ पुनर्निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण पर्यटकों को आए दिन परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पूरन बृजवासी ने बताया कि उन्होंने पहले भी सिंचाई विभाग से पुल को ठीक कराने की मांग की थी। विभागीय अधिकारियों ने आपदा मद से बजट के लिए जिलाधिकारी को पत्र भेजे जाने की बात कही थी, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पर्यटन क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि यहां आने वाले पर्यटक सुरक्षित रूप से प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद ले सकें।









