
रामनगर में चोरी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा, SSP नैनीताल की सख्ती से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
30 लाख से अधिक के सोने के जेवरात व बिस्किट और 12 लाख रुपये नकद बरामद
रामनगर (नैनीताल)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के सख्त रुख और सटीक रणनीति के चलते रामनगर क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर लिया गया है। पुलिस ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार करते हुए विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया है, जबकि दूसरी घटना में अंतरराज्यीय सांसी गैंग का पर्दाफाश हुआ है। दोनों मामलों में पुलिस ने करीब 30 लाख रुपये के सोने के जेवरात व बिस्किट और 12 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
मामला-1 : घर में चोरी की घटना का खुलासा
दिनांक 15 दिसंबर 2025 को श्रीमती सुमन पत्नी नरेंद्र, निवासी लखनपुर रामनगर द्वारा थाना रामनगर में तहरीर दी गई थी। उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर को दिल्ली जाने के बाद 11 दिसंबर को लौटने पर उनके घर से अज्ञात चोर द्वारा दो कड़े, दो चूड़ियां और दो सोने के बिस्किट चोरी कर लिए गए।
इस संबंध में थाना रामनगर में FIR संख्या 414/25, धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडेय के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और सुरागरसी के आधार पर पुलिस ने नवदीप शर्मा पुत्र अनुज शर्मा, निवासी पीरूमदारा रामनगर को चोरपानी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। इसके साथ ही एक विधि विवादित किशोर को भी संरक्षण में लिया गया।
आरोपियों के कब्जे से बरामद सोने के जेवरातों की वादिनी द्वारा मौके पर शिनाख्त की गई।
बरामदगी:
दो सोने के कड़े
दो सोने की चूड़ियां
दो सोने के बिस्किट
अनुमानित कीमत: लगभग ₹30 लाख
मामला-2 : टियारा रिसोर्ट विवाह समारोह में चोरी का खुलासा
दूसरी घटना 3 नवंबर 2025 की है, जब टियारा रिसोर्ट रामनगर में आयोजित विवाह समारोह के दौरान एक बैग से नकदी, सोने के गहने और मोबाइल फोन चोरी हो गए थे। इस संबंध में कोतवाली रामनगर में FIR संख्या 400/25, धारा 303(2) बीएनएस दर्ज की गई थी।
एसएसपी नैनीताल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित करने के निर्देश दिए। जांच के दौरान होटल स्टाफ के सत्यापन और सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में मध्य प्रदेश के सांसी गैंग से जुड़े दो संदिग्धों की पहचान हुई।
पुलिस टीम ने मध्य प्रदेश में दबिश दी, जहां आरोपी फरार मिले। बाद में सूचना पर पुलिस ने मौके से चोरी का सामान बरामद कर लिया, हालांकि आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
बरामदगी:
₹12 लाख नकद
सोने की एक अंगूठी
सोने की एक जोड़ी कान की बाली
सांसी गैंग का तरीका
सांसी गैंग देश के कई राज्यों में सक्रिय है। यह गैंग बड़े होटल और रिसोर्ट में विवाह समारोह के दौरान मेहमान बनकर घुसता है और मौका मिलते ही नकदी व कीमती आभूषण चोरी कर फरार हो जाता है।
पुलिस की सराहनीय कार्रवाई
दोनों मामलों का खुलासा कर रामनगर पुलिस ने न केवल पीड़ितों को राहत दी है, बल्कि क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोहों के खिलाफ सख्त संदेश भी दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस की यह कार्रवाई आमजन में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करती है।









