
भाजपा पदाधिकारी पर गोलीकांड को लेकर कांग्रेस का हमला, नीरज तिवारी बोले– लोकतंत्र पर सीधा वार
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता नीरज तिवारी ने भाजपा पदाधिकारी पर नितिन लोहनी को गोली मारने के आरोपों को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस घटना को जघन्य, शर्मनाक और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला बताया है। नीरज तिवारी ने कहा कि यह वारदात उत्तराखंड में भाजपा सरकार के संरक्षण में पनप रहे अपराध और लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था का स्पष्ट प्रमाण है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बलात्कार, हत्या, छेड़छाड़, लूट और संगठित अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सत्ता से जुड़े लोग और भाजपा के प्रतिनिधि कानून को खुलेआम अपने हाथ में ले रहे हैं, जिससे आम जनता में भय का माहौल है और सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
नीरज तिवारी ने कहा कि नितिन लोहनी पर हुआ हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि पूरे समाज, कानून व्यवस्था और प्रदेश की शांति पर हमला है। उन्होंने भाजपा सरकार के “सुशासन” के दावों को खोखला बताते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को अपराधभूमि में बदलने का काम मौजूदा सरकार कर रही है, जो प्रदेश के भविष्य के लिए बेहद चिंताजनक है।
कांग्रेस पार्टी ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि प्रदेश में कानून का भय स्थापित हो सके और जनता को सुरक्षा का भरोसा मिल सके।









