
भवाली–कैंचीधाम मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, तीन महिलाओं की मौत, छह घायल
नैनीताल जनपद में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भवाली–कैंचीधाम मार्ग पर कैंचीधाम से लगभग एक किलोमीटर आगे शिप्रा नदी के पास एक स्कॉर्पियो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब साढ़े नौ बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से दुर्घटना की सूचना मिली। बताया गया कि ब्लैक रंग की स्कॉर्पियो भवाली से कैंचीधाम की ओर जा रही थी, तभी अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया और वाहन खाई में जा गिरा।

सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन से कुल नौ घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएससी) भवाली पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने उपचार के दौरान तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया, जिनमें एक किशोरी भी शामिल है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। सभी घायल उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।









