पति बना हैवान: घरेलू विवाद में पत्नी को डंडों से पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, आरोपी फरार

अल्मोड़ा। सल्ट विकासखंड की खुमाड़ ग्रामसभा में गुरुवार रात घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक ने अपनी 25 वर्षीय पत्नी की डंडे से बेरहमी से पिटाई कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

सूचना पर सल्ट थानाध्यक्ष कश्मीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। शुक्रवार सुबह रानीखेत से क्षेत्राधिकारी (सीओ) भी मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। तहसीलदार आबिद अली ने पंचनामा भरने की कार्रवाई पूरी कराई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रानीखेत भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

सम्बंधित खबरें