
नैनीताल में मेंस ओपन टेनिस टूर्नामेंट का रोमांच, दूसरे राउंड में खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन
नैनीताल के चुनाखान स्थित ऑप्टिमम टेनिस अकादमी में ऑल इंडिया टेनिस संघ के तत्वावधान में आयोजित 1 लाख रुपये प्राइज मनी वाले मेंस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के मुख्य ड्रॉ के दूसरे राउंड मुकाबले मंगलवार सुबह 9 बजे से शुरू हो गए। पांच कोर्ट पर एक साथ चल रहे मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अगले दौर में जगह बनाई।

उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस वार्षिक टूर्नामेंट के संचालन की जिम्मेदारी रेफरी एंटन डिसूजा निभा रहे हैं। उनके साथ अंपायर टीम में दिव्यांशु, रोहित और संजय मुंबई से यहां पहुंचे हैं, जो मैचों का संचालन कर रहे हैं।
मंगलवार को खेले गए मुकाबलों में सजल केसरवानी ने अनीश प्रशांत को 6-3, 6-2 से हराया। वंश बिष्ट ने वंश यादव को एकतरफा मुकाबले में 6-0, 6-1 से पराजित किया। चंद्र सिद्धार्थ ने कड़े मुकाबले में प्रशांत प्रोच को 5-7, 6-2, 6-4 से मात दी।

इसी तरह चंद्रिल सूद ने अमनदीप सिंह को 6-4, 6-3 से, अंश हर्ष ने दक्ष सिंह को 6-3, 7-5 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वंश नांदल ने मोक्ष रेडी को 6-2, 6-2 से और लक्षित सूद ने जयंत डिंगरा को 6-2, 6-1 से शिकस्त दी। कई मुकाबले देर शाम तक जारी रहे।
टूर्नामेंट के दौरान स्थानीय खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों की ओर से बताया गया कि प्रत्येक राउंड में बाहर होने वाले खिलाड़ियों को निर्धारित पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए जा रहे हैं।

आयोजकों के अनुसार 8 अप्रैल को सिंगल्स मुकाबलों के साथ-साथ डबल्स मैच भी खेले जाएंगे, जिससे प्रतियोगिता और रोमांचक होने की उम्मीद है।









