नैनीताल टेनिस टूर्नामेंट में फाइनल की जंग तय, वंश बिष्ट और वंश नांदल आमने-सामने

नैनीताल के चुनाखान स्थित ऑप्टिमम टेनिस अकादमी में आयोजित ऑल इंडिया मेंस ओपन ₹1 लाख प्राइज मनी टेनिस प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक दौर में पहुंच गई है। रोमांचक मुकाबलों के बाद दिल्ली के वंश बिष्ट और हरियाणा के वंश नांदल ने एकल वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है।
6 से 10 अप्रैल तक चल रही इस प्रतियोगिता में 8 अप्रैल को बारिश के कारण मैच बाधित रहे, लेकिन 9 अप्रैल को मौसम साफ होने पर क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए।

एकल वर्ग (क्वार्टर फाइनल):
वंश बिष्ट ने सजल केसरवानी को 6-2, 6-3 से हराया।
चंद्रिल सूद ने चंद्र सिद्धार्थ को 6-4, 7-5 से पराजित किया।
वंश नांदल ने लक्षित सूद को 6-2, 7-5 से मात दी।
सार्थक गुलाटी ने अर्णव हर्ष को 6-2, 6-2 से हराया।

एकल वर्ग (सेमीफाइनल):
वंश बिष्ट ने चंद्रिल सूद को कड़े मुकाबले में 6-2, 7-6 (17-15) से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
वहीं वंश नांदल ने सार्थक गुलाटी को 7-5, 6-3 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।

युगल वर्ग:
मोक्षक रेड्डी और चंद्र सिद्धार्थ (तमिलनाडु) ने पिंगल चौधरी व राहुल यादव को 6-3, 6-2 से हराया। सजल केसरवानी और वंश नांदल ने अमनदीप सिंह व सूर्यदीप राणा को 6-3, 6-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित इस प्रतियोगिता के सफल संचालन में डिस्ट्रिक्ट टेनिस एसोसिएशन, नैनीताल का सहयोग रहा। टूर्नामेंट डायरेक्टर डी.एस. रावत ने बताया कि यह प्रतियोगिता स्वर्गीय बी.एस. रावत की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित की जाती है।

टूर्नामेंट के दौरान स्थानीय खिलाड़ियों का उत्साह देखने योग्य रहा। पराजित खिलाड़ियों को राउंड के अनुसार पुरस्कार राशि व प्रशस्ति पत्र वितरित किए गए।

अब आज एकल और युगल वर्ग के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे, जिन पर सभी की नजरें टिकी है।

सम्बंधित खबरें