
खटीमा में जहरीला पेय बना मौत का कारण: दो की मौत, एक की हालत गंभीर, मिथाइल अल्कोहल की आशंका
खटीमा (उधमसिंह नगर)। खटीमा में देर रात संदिग्ध पेय पदार्थ का सेवन करने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें और एक संदिग्ध तरल पदार्थ बरामद किया है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, देर रात खटीमा कोतवाली प्रभारी विजेंद्र शाह को कंजाबाग रोड क्षेत्र में शराब सेवन के बाद एक व्यक्ति की मौत और दो अन्य के गंभीर रूप से बीमार होने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंजाबाग निवासी डिल्लू राणा (52) को खटीमा उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं, सत्रहमील निवासी प्रवेश राणा और मलकीत सिंह राणा की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया। उपचार के दौरान मलकीत सिंह राणा की भी मौत हो गई, जबकि प्रवेश राणा की हालत नाजुक बनी हुई है।
कोतवाली प्रभारी विजेंद्र शाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गाड़ी में रखी एक बोतल में संदिग्ध रासायनिक तरल पदार्थ था, जिसे पानी समझकर शराब में मिलाकर पी लिया गया। मामले की गहन जांच की जा रही है।
खटीमा उप जिला अस्पताल के डॉक्टर वी.पी. सिंह ने बताया कि पीड़ितों के शरीर से तीव्र मिथाइल अल्कोहल जैसे केमिकल की गंध आ रही थी, जिससे जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।









