Operation Crackdown: बनभूलपुरा से 2 अवैध तमंचे और 17 कारतूस बरामद, आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी/नैनीताल। जनपद में अपराध पर सख्त नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे Operation Crackdown के तहत बनभूलपुरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को दो अवैध तमंचों और 17 जिंदा कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर की गई।

एसएसपी के आदेशानुसार जनपद को अपराध मुक्त बनाने और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी अमित सैनी के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में टीम ने प्रभावी कार्रवाई की।

सूचना पर त्वरित छापेमारी
संदिग्ध वाहन एवं वस्तु चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अपने घर में अवैध तमंचा रखे हुए है और परिजनों को धमकाकर झगड़ा करता है। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

मौके पर मोबिन खान पुत्र अब्दुल बसीर खान, निवासी गौजाजाली उत्तर, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल (उम्र लगभग 60 वर्ष) घर पर मौजूद मिला। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि वह परिवार को धमकाता है और उसके पास तमंचा है।

तलाशी में बरामद हुआ असलहा
पुलिस ने अभियुक्त और परिजनों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली, जिसमें निम्न असलहा बरामद हुआ—
01 तमंचा 315 बोर
02 कारतूस 315 बोर
01 तमंचा 12 बोर
04 कारतूस 12 बोर
01 कारतूस 7.62 बोर
10 कारतूस 7.65 बोर (सफेद डिब्बे में)
कुल मिलाकर 02 अवैध तमंचे और 17 कारतूस बरामद किए गए।

आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज
अभियुक्त के विरुद्ध थाना बनभूलपुरा में 3/25 आर्म्स एक्ट तथा 7/25(1-क) आर्म्स एक्ट के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

आपराधिक इतिहास भी सामने आया
जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त के खिलाफ थाना मुखानी में पूर्व में एफआईआर संख्या 90/2017 धारा 354/363/506 भादवि व 7/8 पॉक्सो अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज था, जिसमें उसे न्यायालय से 7 वर्ष की सजा हो चुकी है। यह मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय में अपील पर लंबित है। अभियुक्त ने यह भी बताया कि वर्ष 2023 में उसे शिक्षा विभाग से बर्खास्त किया गया था।

असलाह के स्रोत की जांच जारी
पुलिस अब बरामद असलाह के स्रोत और उससे जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।

जनमानस से अपील
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अपने आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें। किसी भी अवैध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
📞 आपात स्थिति: 112
📱 सूचना हेतु संपर्क: 9411112979
🏢 निकटतम पुलिस स्टेशन में भी सूचना दी जा सकती है।
🚔 आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता – नैनीताल पुलिस

सम्बंधित खबरें