
हल्द्वानी में 21 मार्च को भव्य जनसभा, रक्षा मंत्री Rajnath Singh होंगे मुख्य अतिथि
हल्द्वानी । उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 21 मार्च को हल्द्वानी स्थित एमबी इंटर कॉलेज मैदान में भव्य जनसभा आयोजित की जाएगी। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रक्षा मंत्री Rajnath Singh शामिल होंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami शुक्रवार को हल्द्वानी पहुंचे। उन्होंने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने एमबी इंटर कॉलेज मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जनसभा में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही पेयजल, स्वच्छता और शौचालय की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि किसी भी आगंतुक को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने प्रशासन को निर्देशित किया कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए पहले से रूट डायवर्जन प्लान तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।
इस दौरान सांसद Ajay Bhatt, विधायक बंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या, दीवान सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
जनसभा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।









