हरिद्वार में विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई, खंड शिक्षा अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

हरिद्वार। भ्रष्टाचार के खिलाफ विजिलेंस की सख्त कार्रवाई एक बार फिर सामने आई है। विजिलेंस टीम ने हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में खंड शिक्षा अधिकारी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस मॉडर्न स्कूल, 40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार की मान्यता के औपबंधिक नवीनीकरण प्रमाणपत्र जारी करने के एवज में रिश्वत की मांग की गई थी। आरोप है कि खंड शिक्षा अधिकारी, बहादराबाद ब्रज पाल सिंह राठौर ने पीड़ित से 20 हजार रुपये की अवैध मांग की थी। इस लेनदेन में सह अभियुक्त के रूप में मंगोलपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक मुकेश की भूमिका सामने आई है, जिसने खंड शिक्षा अधिकारी के लिए रिश्वत की मांग की थी।

पीड़ित द्वारा विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और आज आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि गिरफ्तार खंड शिक्षा अधिकारी ब्रज पाल सिंह राठौर की पत्नी देहरादून में सर्किल ऑफिसर (सीओ) के पद पर तैनात हैं। फिलहाल विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

विजिलेंस की इस सख्त कार्रवाई से साफ संदेश गया है कि भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सम्बंधित खबरें