
वायरल वीडियो बना विवाद की वजह, हल्द्वानी में ब्लॉगर ज्योति अधिकारी के खिलाफ मुकदमा
हल्द्वानी। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने शहर में नया विवाद खड़ा कर दिया है। उत्तराखंड की संस्कृति, देवी-देवताओं और कुमाऊं की महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक ब्लॉगर के खिलाफ मुखानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई एक महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर की गई है।
शिकायत के अनुसार, किशनपुर घुड़दौड़ा निवासी ब्लॉगर ज्योति अधिकारी ने कुछ दिन पूर्व हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में अंकिता हत्याकांड को लेकर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान हाथ में दरांती लेकर सार्वजनिक बयान दिए।
आरोप है कि इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड की महिलाओं, कुमाऊं की सांस्कृतिक परंपराओं और देवी-देवताओं के संबंध में अशोभनीय, आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया।
तहरीर में कहा गया है कि उक्त वीडियो के वायरल होने से समाज में गलत संदेश गया है, जिससे महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंची है। साथ ही धार्मिक भावनाएं आहत होने के कारण महिलाओं समेत आम नागरिकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
मुखानी थानाध्यक्ष सुशील जोशी ने बताया कि शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









