
बारिश ने रोका इंटरनेशनल टेनिस का रोमांच, आईटीएफ J60 टूर्नामेंट का छठा दिन पूरी तरह ठप
देहरादून स्थित शांति टेनिस एकेडेमी में आयोजित इंडियन ट्री जूनियर्स आईटीएफ (J60) टूर्नामेंट 2026 का छठा दिन भारी बारिश की भेंट चढ़ गया। लगातार हो रही वर्षा के चलते पूरे दिन एक भी मुकाबला नहीं खेला जा सका, जिससे खिलाड़ियों और आयोजकों की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
डालनवाला स्थित शांति टेनिस एकेडेमी में शुक्रवार को मौसम ने खेल बिगाड़ दिया। सुबह से जारी तेज बारिश के कारण बालक और बालिका वर्ग के कोर्ट नंबर 1, 2, 3 और 4 पर शाम 5 बजे तक एक भी मैच शुरू नहीं हो सका। आयोजकों के अनुसार, यदि शाम तक मौसम साफ होता है तो फ्लडलाइट में मुकाबले कराए जा सकते हैं, लेकिन दिनभर बारिश जारी रहने से सभी मुकाबले स्थगित करने पड़े।
इससे पहले गुरुवार शाम को खेले गए डबल्स मुकाबलों में शैली गौरव दलाल और सिंघा कांता (भारत) की जोड़ी ने नोराह चौधरी (कनाडा) और पूर्वी पटवा (भारत) को 6-3, 6-0 से हराया। वहीं दूसरे मुकाबले में रूथिक कटकम और प्रकाश सरन ने परांजपय सिवाच और अहान मिश्रा की जोड़ी को 6-3, 6-1 से शिकस्त दी।
मुख्य कोच तुषार शर्मा ने बताया कि यदि मौसम ने साथ दिया तो शनिवार सुबह 9 बजे से चारों कोर्ट पर मुकाबले शुरू किए जाएंगे। वहीं, यूटीए देहरादून के वाइस प्रेसिडेंट विजेंद्र चौहान ने जानकारी दी कि शनिवार से सीनियर्स आईटीएफ एमटी 200 टूर्नामेंट भी शुरू होगा, जिसमें जर्मनी सहित कई विदेशी खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। खराब मौसम की स्थिति में कुछ मैच अन्य टेनिस एकेडेमी में शिफ्ट किए जा सकते हैं।
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों की सुरक्षा को देखते हुए पहले दिन से ही डॉक्टर और फिजियो की टीम लगातार कोर्ट पर मौजूद रहकर खिलाड़ियों की फिटनेस का ध्यान रख रही है।









