
बारामती के पास विमान हादसा: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार समेत पांच की मौत
पुणे/बारामती। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ एनसीपी नेता अजित पवार (66) का बुधवार सुबह पुणे जिले के बारामती के समीप एक निजी विमान दुर्घटना में निधन हो गया। इस हादसे में विमान में सवार पायलट सहित कुल पांच लोगों की जान चली गई। दुर्घटना के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई है।
लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजित पवार बुधवार सुबह मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। उनका निजी विमान सुबह 8:10 बजे मुंबई से उड़ा और उसे बारामती हवाई अड्डे पर उतरना था।

हालांकि सुबह करीब 8:45 बजे विमान का रडार से संपर्क टूट गया, जिसके कुछ ही मिनट बाद 8:50 बजे बारामती हवाई अड्डे के पास विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
जमीन से टकराते ही हुआ जोरदार धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विमान लैंडिंग के समय हवा में अस्थिर नजर आ रहा था। जैसे ही वह रनवे की ओर नीचे आया, तेज आवाज के साथ जमीन से टकराया और उसमें भीषण विस्फोट हो गया। टक्कर के तुरंत बाद विमान में आग लग गई, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

चश्मदीदों ने बयां किया भयावह मंजर
घटनास्थल के पास रहने वाली एक महिला ने बताया कि उन्होंने विमान को हवाई अड्डे के ऊपर चक्कर लगाते देखा था।
महिला के अनुसार, “विमान नीचे आते वक्त एक तरफ झुका हुआ लग रहा था। अचानक वह जमीन से टकराया और जोरदार विस्फोट हुआ। धमाके की आवाज हमारे घर के अंदर तक सुनाई दी। विमान के टुकड़े हवा में उड़कर आसपास गिर गए।”
एक अन्य चश्मदीद ने बताया कि विमान रनवे से लगभग 100 फीट ऊपर था, तभी उसने संतुलन खो दिया। उन्होंने कहा, “आग की लपटें इतनी तेज थीं कि हम पास तक नहीं जा सके। इसके बाद एक के बाद एक 4–5 धमाके हुए।”

चुनाव प्रचार के लिए जा रहे थे अजित पवार
अजित पवार आगामी 5 फरवरी को होने वाले जिला परिषद चुनावों के मद्देनज़र बारामती में जनसभाओं को संबोधित करने जा रहे थे। इस आकस्मिक घटना ने राजनीतिक जगत को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जांच के आदेश
पुणे ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक संदीप सिंह गिल ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन आग अत्यंत भीषण होने के कारण किसी को बचाया नहीं जा सका।
प्रशासन ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। विमान के ब्लैक बॉक्स और मलबे की जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।









