
पारिवारिक विवाद बना खूनी खेल, नशे में धुत बेटे ने कुल्हाड़ी से की पिता की हत्या
उधम सिंह नगर। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिनेशपुर क्षेत्र में एक युवक ने मामूली विवाद के बाद नशे की हालत में अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
पुलिस के अनुसार, 60 वर्षीय गुरुपद विश्वास अपने परिवार के साथ मोहनपुर नंबर-1, दिनेशपुर में टिनशेड मकान में रहते थे। वह खेती और मजदूरी का कार्य करते थे। उनके साथ उनकी पत्नी, तीन बेटे और बहू भी उसी घर में रहते हैं।
घटना उस समय हुई जब घर में केवल गुरुपद और उनका छोटा बेटा कन्हाई विश्वास मौजूद थे। परिवार के अन्य सदस्य पंचायत चुनाव प्रचार में बाहर गए हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पिता-पुत्र में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते खूनी रूप ले बैठा।
गुस्से और नशे में धुत बेटे ने घर की गली में ही कुल्हाड़ी से पिता के सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। शोर सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल गुरुपद को पहले जिला अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें गंभीर हालत में हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान गुरुपद की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी नंदन सिंह रावत मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और आरोपी की नशे की हालत को वजह बताया गया है।
सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि मृतक के बड़े बेटे सोमनाथ विश्वास की तहरीर पर आरोपी कन्हाई के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
