
पहाड़पानी में तेंदुआ पिंजरे में कैद, महिला मौत मामले की जांच जारी
नैनीताल। नैनीताल जिले के धारी ब्लॉक अंतर्गत पहाड़पानी क्षेत्र में सोमवार देर रात वन विभाग ने एक तेंदुए को पिंजरे में कैद कर लिया। विभाग द्वारा पूर्व में लगाए गए पिंजरे में तेंदुआ फंसा, जिसके बाद उसे सुरक्षित रूप से रेस्क्यू कर रेस्क्यू सेंटर भेज दिया गया है।
वन विभाग को आशंका है कि पकड़ा गया तेंदुआ ही धारी और ओखलकांडा क्षेत्र में दो महिलाओं की जान लेने वाली घटनाओं में शामिल हो सकता है। हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है। वन विभाग द्वारा तेंदुए के सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वही तेंदुआ इन घटनाओं का जिम्मेदार है या नहीं।
तेंदुए के पकड़े जाने के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों ने कुछ राहत की सांस ली है और दहशत का माहौल पहले की तुलना में कम हुआ है। बावजूद इसके ग्रामीणों का कहना है कि महिलाओं पर हमला करने वाला कोई दूसरा आदमखोर वन्य जीव भी हो सकता है, इसलिए क्षेत्र में अभी भी सतर्कता बनाए रखने की जरूरत है।
वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट ने बताया कि पहाड़पानी के भवानीखेत जंगल क्षेत्र से तेंदुए को पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि सैंपल रिपोर्ट आने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। फिलहाल वन विभाग क्षेत्र में निगरानी बढ़ाए हुए है और ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।









