नैनीताल: SSP के सख्त निर्देश पर सुबह-सुबह पूरा जिला हाई-अलर्ट, सभी बैरियरों पर भारी पुलिस फोर्स तैनात

नैनीताल जिले में आज तड़के से ही सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के कड़े निर्देश पर जनपद के सभी बैरियर, मुख्य मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक चेकिंग अभियान शुरू किया गया। जिले के प्रमुख प्रवेश द्वारों — बेलबाबा बॉर्डर बैरियर, आम्रपाली बैरियर (हल्द्वानी), हल्दूचौड़, रामनगर रूट, गडप्पू बैरियर (कालाढूंगी), बारापत्थर, भीमताल, खैरना और सुभाष नगर बैरियर पर अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात की गई है।

सीनियर अधिकारियों की अगुवाई में कड़ी चेकिंग
जिले को कई सेक्टरों में बांटकर चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। प्रत्येक सेक्टर में राजपत्रित अधिकारी स्वयं मौजूद हैं, जबकि दरोगा स्तर के अधिकारी अपनी टीमों के साथ मैदान में सक्रिय हैं। वाहनों, व्यक्तियों और सामान का सघन सत्यापन किया जा रहा है। पुलिसकर्मी बॉडी प्रोटेक्टर और आधुनिक ऑटोमेटिक हथियारों से लैस होकर सतर्क स्थिति में तैनात हैं।

हर गतिविधि पर पैनी नज़र
जिले के सभी एंट्री–एग्जिट पॉइंट्स पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। शहर के भीतरी इलाकों में पैदल गश्त बढ़ा दी गई है। भीड़भाड़ वाले स्थानों, चौराहों और संवेदनशील लोकेशनों पर पुलिस की तैनाती को और मजबूत किया गया है। संदिग्ध गतिविधि या अवैध कार्य पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

सोशल मीडिया पर सतर्क निगरानी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अफवाहें, भ्रामक सूचनाएँ और माहौल खराब करने वाली पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्यवाही की जाएगी। हर गतिविधि की मॉनिटरिंग रियल-टाइम में की जा रही है।

नैनीताल पुलिस ने की अपील
जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करें, वाहन संबंधित दस्तावेज साथ रखें और चेकिंग अभियान में पुलिस का साथ दें।

सम्बंधित खबरें