
नैनीताल में राष्ट्रीय रैंकिंग आईटा अंडर-14 टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन, 7 से 13 फरवरी तक होंगे मुकाबले
नैनीताल। आप्टिमम टेनिस एकेडमी, चुनाखान (नैनीताल) में 7 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक आईटा टेनिस अंडर-14 बालक एवं बालिका राष्ट्रीय रैंकिंग टेनिस टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता द्वितीय वेद प्रकाश गुप्ता मेमोरियल साईटा अंडर-14 राष्ट्रीय रैंकिंग टेनिस सुपर सीरीज 2026 के अंतर्गत आयोजित की जा रही है, जिसका सफल आयोजन गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी किया जा रहा है।
टूर्नामेंट डायरेक्टर डी.एस. रावत ने बताया कि देश के विभिन्न राज्यों से अब तक 14 वर्ष आयु वर्ग के कुल 60 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें 40 बालक एवं 18 बालिकाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता के अंतर्गत 7 व 8 फरवरी को क्वालिफाइंग राउंड जबकि 9 फरवरी से 13 फरवरी तक मेन राउंड के मुकाबले खेले जाएंगे।

टूर्नामेंट के सुचारु संचालन हेतु आईटा टेनिस संघ द्वारा विशाखापट्टनम से रेफरी शिव कुमार मारदा 6 फरवरी को एकेडमी पहुंचेंगे। उनके सहयोग के लिए चार सदस्यीय अंपायर टीम भी नियुक्त की गई है।
प्रतियोगिता के दौरान 7 से 10 फरवरी तक बालक-बालिकाओं एवं सीनियर खिलाड़ियों के लिए “फोकस परफॉर्मेंस – एक फिटनेस मेडिटेशन थेरेपी” विषय पर विशेष कोर्स आयोजित किया जाएगा। यह कोर्स राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त प्रशिक्षक सूची गिरिजा बगलौर द्वारा संचालित किया जाएगा।
टूर्नामेंट सचिव अवनीश रस्तोगी ने बताया कि इस प्रकार का कोर्स उत्तराखंड सहित आसपास के राज्यों में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। यह सुपर सीरीज अपनी गुणवत्ता एवं प्रतिष्ठा के कारण एक बार फिर उत्तराखंड में आयोजित हो रही है। प्रतियोगिता में प्रत्येक खिलाड़ी को रैंकिंग पॉइंट्स के साथ-साथ प्रतिदिन डीए, प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
खिलाड़ियों एवं ग्राउंड स्टाफ के लिए उत्तम एवं स्वादिष्ट भोजन की व्यवस्था ‘फोर्क एंड फ्लेम’ कैटरिंग द्वारा की जाएगी, जिसके लिए उचित दरें निर्धारित की गई हैं।
उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डी.एस. रावत ने बताया कि इस टूर्नामेंट के आयोजन में उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन, डिस्ट्रिक्ट टेनिस एसोसिएशन नैनीताल, फैंस स्पोर्ट्स क्लब एवं बी.एल.एम. एकेडमी का सराहनीय सहयोग रहा है।









