
नैनीताल जिला पंचायत चुनाव: अध्यक्ष पद पर भाजपा की जीत, उपाध्यक्ष पद कांग्रेस के खाते में
नैनीताल। लंबे सियासी खींचतान और रोमांचक मुकाबले के बाद नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के चुनाव परिणाम घोषित हो गए। इस चुनाव में सत्ता और विपक्ष दोनों ने पूरी ताकत झोंक दी थी।
अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी दीपा दरम्वाल ने 11 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी को 10 मत मिले, जबकि 1 मत रद्द हो गया। इसी के साथ दीपा दरम्वाल नैनीताल की नई जिला पंचायत अध्यक्ष बनीं।
उपाध्यक्ष पद पर मुकाबला और भी दिलचस्प रहा। कांग्रेस प्रत्याशी देवकी बिष्ट और उनके प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी के बीच कड़ा संघर्ष हुआ। दोनों को 11-11 वोट मिलने से स्थिति बराबरी पर आ गई। आखिरकार फैसला टॉस से हुआ, जिसमें किस्मत ने कांग्रेस का साथ दिया और देवकी बिष्ट उपाध्यक्ष चुनी गईं।
परिणाम आते ही भाजपा और कांग्रेस दोनों खेमों में जश्न का माहौल छा गया। कार्यकर्ताओं ने विजयी प्रत्याशियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया और ढोल-नगाड़ों के साथ जीत का जश्न मनाया।