धामी कैबिनेट विस्तार: 5 नए मंत्रियों ने ली शपथ

लंबे इंतजार के बाद कैबिनेट विस्तार, क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने की कोशिश

देहरादून। उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार में लंबे समय से चल रही कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं पर शुक्रवार को विराम लग गया। नवरात्र के दूसरे दिन लोकभवन में आयोजित समारोह में पांच नए मंत्रियों को शपथ दिलाई गई।

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने सबसे पहले राजपुर विधायक खजान दास को मंत्रिपद की शपथ दिलाई। इसके बाद भरत सिंह चौधरी ने संस्कृत में शपथ ली। क्रमवार मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह केड़ा ने भी मंत्री पद की शपथ ग्रहण की।

प्रदेश कैबिनेट में पहले से खाली चल रहे पांच पदों को इस विस्तार के जरिए भरा गया है। सूत्रों के अनुसार, मंत्रियों के चयन में विधायकों के पिछले चार वर्षों के कार्य प्रदर्शन, संगठन में सक्रियता और क्षेत्रीय प्रभाव को आधार बनाया गया है।

नई कैबिनेट में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन साधने पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि पहाड़ और मैदान दोनों क्षेत्रों को समान प्रतिनिधित्व मिल सके। कैबिनेट विस्तार को लेकर राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ कई दौर की चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया।

सरकार और संगठन के बीच समन्वय के बाद नवरात्र के शुभ अवसर को शपथ ग्रहण के लिए चुना गया, जिसे राजनीतिक रूप से भी अहम माना जा रहा है।

सम्बंधित खबरें