
देहरादून में ऑल इंडिया इंडियन ट्री सीनियर्स टेनिस टूर्नामेंट 2025 का भव्य समापन
देहरादून। शान्ति टेनिस एकेडेमी, देहरादून (जनपद देहरादून) में आयोजित दो दिवसीय ऑल इंडिया इंडियन ट्री सीनियर्स ओपन टेनिस टूर्नामेंट 2025 का रविवार, 21 दिसंबर 2025 की संध्याकाल कृत्रिम दूधिया रोशनी के बीच सफलतापूर्वक समापन हो गया। इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन, देहरादून द्वारा किया गया।
समापन अवसर पर पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. राहुल (दंत रोग विशेषज्ञ) उपस्थित रहे। पुरस्कार वितरण उत्तरांचल टेनिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों द्वारा किया गया। इस अवसर पर यूटीए देहरादून के सेक्रेटरी जनरल एवं टूर्नामेंट डायरेक्टर सुमित गोयल तथा सीनियर वाइस प्रेसिडेंट विजेंद्र चौहान ने एसएसपी देहरादून श्री नवनीत सिंह पौड़ी को सम्मान पट्टिका भेंट कर सम्मानित किया।

इसके पश्चात वाइस प्रेसिडेंट देवेंद्र सिंह रावत, वाइस प्रेसिडेंट (सेकेंड) मनोज गुप्ता, ज्वाइंट सेक्रेटरी हेम कुमार पांडेय एवं कोषाध्यक्ष दिनेश नागपाल द्वारा विभिन्न आयुवर्गों के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफियां प्रदान की गईं।
देशभर से आए 87 खिलाड़ियों ने लिया भाग इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के डबल्स इवेंट में 65+, 85+, 105+ एवं 125+ के चार कंबाइंड आयु वर्ग शामिल किए गए, जिनमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान एवं उत्तराखंड सहित विभिन्न राज्यों से कुल 87 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा, पहले राउंड में बाहर हुए खिलाड़ियों के लिए लकी डबल्स इवेंट का भी आयोजन किया गया।

फाइनल मुकाबलों के परिणाम
65+ आयुवर्ग में सचिन कुमार एवं लोकेश चुग (दोनों देहरादून) की जोड़ी ने तुषार शर्मा एवं नवनीत सिंह (दोनों देहरादून) को टाईब्रेक में 7-5 से पराजित किया।
85+ आयुवर्ग में तुषार शर्मा एवं प्रदीप वालिया (देहरादून) ने मोहित फोगाट (सोनीपत) एवं लोकेश चुग (देहरादून) को टाईब्रेक में 7-3 से हराया।
105+ आयुवर्ग में पवन जैन (दिल्ली) एवं मोहित फोगाट (सोनीपत) की जोड़ी ने हेमचंद सिंह निखुरपा (जम्मू) एवं विजेंद्र चौहान (देहरादून) को पराजित किया।
125+ आयुवर्ग में मुकेश बजाज एवं शलज अग्रवाल (दोनों दिल्ली) ने दिनेश अग्रवाल एवं मनोज शर्मा (दोनों दिल्ली) को 8-5 से मात दी।
वहीं लकी डबल्स फाइनल में संचित जैन (जयपुर) एवं कमल नयन बर्थवाल (देहरादून) ने घनानंद जुयाल एवं अर्जुन शर्मा (दोनों देहरादून) को 8-5 से पराजित किया।

दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि वितरित
प्रतियोगिता के सभी कंबाइंड आयुवर्ग डबल्स इवेंट में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को आकर्षक ट्रॉफियों के साथ कुल ₹2,00,000 (दो लाख रुपये) की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

इस टूर्नामेंट को सफल बनाने में शान्ति टेनिस एकेडेमी, 22 हाइट्स बुटीक स्टे, दंतकला, इंडियन ट्री एवं अस्थल का विशेष योगदान रहा। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान एसएसपी देहरादून श्री नवनीत सिंह, श्रीमती निखुरूपा, राजीव नेगी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में टूर्नामेंट डायरेक्टर सुमित गोयल ने सभी खिलाड़ियों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।









