जिंदा मरीज को रिकॉर्ड में ‘मृत’ दिखाने का सनसनीखेज मामला, हल्द्वानी का चंदन अस्पताल फिर विवादों में

हल्द्वानी के निजी स्वास्थ्य संस्थान चंदन अस्पताल एक बार फिर गंभीर विवादों में घिर गया है। इस बार मामला बेहद चौंकाने वाला है—अस्पताल में भर्ती 62 वर्षीय हेमा देउपा को रिकॉर्ड में 15 फरवरी को मृत दर्शा दिया गया, जबकि परिजनों का कहना है कि वह अब भी आईसीयू में वेंटिलेटर पर उपचाराधीन हैं। अस्पताल की फाइल में दर्ज ‘डेथ एंट्री’ सामने आने के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप है कि बिना वास्तविक पुष्टि के मृत्यु दर्ज करना गंभीर लापरवाही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी अस्पताल पर बकाया बिल के नाम पर शव न सौंपने, अतिरिक्त भुगतान की मांग करने, इलाज में लापरवाही और अनावश्यक जांच के जरिए अधिक बिल वसूली जैसे आरोप लगते रहे हैं।

अब बड़ा सवाल यह है कि जिंदा मरीज को मृत घोषित करना क्या केवल तकनीकी त्रुटि है या लापरवाही की पराकाष्ठा? पूर्व में लगे आरोपों के बावजूद ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई? घटना को लेकर शहर में आक्रोश है और परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। सभी की नजर पुलिस और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी है।

सम्बंधित खबरें