
केदारनाथ यात्रा में दर्दनाक हादसा: काकडागाड़ के पास पहाड़ी दरकने से मैक्स वाहन कुचला, दो श्रद्धालुओं की मौत, चार गंभीर घायल
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की तीर्थयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की आस्था उस वक्त शोक में बदल गई जब शुक्रवार देर शाम एक भीषण हादसे में दो लोगों की जान चली गई और चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा गौरीकुंड हाईवे पर काकडागाड़ के पास हुआ, जब अचानक पहाड़ी से विशाल चट्टानें एक यात्री वाहन (मैक्स) पर आ गिरीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना रुद्रप्रयाग जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर घटित हुई। वाहन में कुल छह लोग सवार थे, जो केदारनाथ धाम की यात्रा पर निकले थे। चट्टानों की चपेट में आने से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
मृतकों की पहचान:
राजेश रावत (38 वर्ष) – चालक, निवासी नाग पनियाला, लंबगांव, नई टिहरी।
शैलेन्द्र कुमार (24 वर्ष) – पुत्र मोहन लाल यादव, जो अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ बैठे।
गंभीर रूप से घायल यात्री:
लक्ष्मण सिंह (24 वर्ष)
ओंकार सिंह
विपेश यादव (19 वर्ष)
चित्रांश साहू – जिला दुर्ग, छत्तीसगढ़ से आए श्रद्धालु।
घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा और स्थानीय वाहनों की मदद से तत्काल अगस्त्यमुनि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां सभी का इलाज जारी है।
प्रशासन का रेस्क्यू ऑपरेशन:
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासन और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी (डीडीएमओ) नंदन सिंह रजवार ने घटना की पुष्टि करते हुए श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें, विशेषकर बरसात और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में।
