कमजोर पहाड़ियों पर लगेगा तार का जाल, भूस्खलन से मिलेगी राहत

देहरादून। बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) की ओर से अब आपदा से कमजोर पड़ी चट्टानों और पहाड़ियों को लैंड स्लाइड मिटिगेशन विधि से मजबूत किया जा रहा है। हनुमान चट्टी के समीप छोटी पहाड़ियों पर भी इसका उपयोग किया जा रहा है। बीआरओ के कमांडर कर्नल अंकुर महाजन ने बताया कि मिट्टी की जांच करने के बाद लैंड स्लाइड मिटिगेशन का काम किया जा रहा है। आगामी वर्ष की चारधाम यात्रा शुरू होने तक यह काम पूरा कर दिया जाएगा। जहां भी चट्टानें ढलान के आकार में हैं वहां इस विधि का उपयोग किया जा रहा है।

बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन क्षेत्र हाथी पर्वत और मैठाणा में सफल रहा प्रयोग
बदरीनाथ हाईवे पर भूस्खलन क्षेत्र हाथी पर्वत और मैठाणा में लैंड स्लाइड मिटिगेशन का उपयोग सफल रहा। इन जगहों पर भूस्खलन थम गया है। मैठाणा में पिछले चार साल में भूस्खलन वाली पहाड़ी पर अब हरी घास उग गई है। हाथी पर्वत में पिछले तीन सालों में भूस्खलन भी नहीं हुआ है। इस विधि के तहत चट्टानों और पहाड़ियों पर डि्ल कर पाइलिंग (लोहे के पाइप डालना) की जाएगी उसके बाहरी तरफ से लोहे के तार का जाल लगाया जाएगा। कुछ समय बाद यहां हरी घास उगने से इसे मजबूती मिलेगी और भूस्खलन से मुक्ति मिल जाएगी।

सम्बंधित खबरें