
एशियन कैडेट कप-2025 का हल्द्वानी में भव्य शुभारंभ, मुख्यमंत्री धामी बोले- उत्तराखंड बनेगा अंतरराष्ट्रीय खेलों का हब
हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दीप प्रज्वलित कर एशियन कैडेट कप-2025 फेंसिंग प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया। इस ऐतिहासिक आयोजन में 17 एशियाई देशों के 250 से अधिक खिलाड़ी, जिनमें से लगभग 150 खिलाड़ी भारत से, प्रतिभा दिखा रहे हैं। यह प्रतियोगिता 23 सितम्बर तक चलेगी।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा—
“उत्तराखंड आज खेलों के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ छू रहा है। हमारा संकल्प है कि हर खिलाड़ी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।”
उन्होंने कहा कि खेलों से युवा न केवल अनुशासन और आत्मविश्वास पाते हैं, बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा बनते हैं। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों से पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और स्वच्छता आंदोलन में योगदान देने की अपील भी की।

सीएम धामी ने राज्य सरकार की खेल नीतियों और योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि—
मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना से खिलाड़ियों को लगातार लाभ मिल रहा है।
खिलाड़ियों के लिए 4% खेल कोटा पुनः लागू किया गया है।
राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये सम्मान राशि दी गई है।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी दी जा रही है।
सीएम धामी ने यह भी घोषणा की कि हल्द्वानी में जल्द ही उत्तराखंड का पहला खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित होगा, जो राज्य को खेल शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान देगा।
उन्होंने गर्व व्यक्त किया कि हाल ही में राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने 103 पदक जीतकर 7वां स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है। राज्य में 517 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जा रहा है। साथ ही सरकार शीघ्र ही स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू कर आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां शुरू करने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में फेंसिंग ने हाल के वर्षों में लोकप्रियता हासिल की है और अब यह खेल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का गौरव बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा—
“देवभूमि उत्तराखंड के लिए यह गर्व का क्षण है कि देश में पहली बार हो रही अंतरराष्ट्रीय फेंसिंग प्रतियोगिता की मेजबानी हमें मिली है।”
इस अवसर पर राष्ट्रीय फेंसिंग महासंघ के महासचिव राजीव मेहता ने आयोजन संबंधी जानकारी दी। प्रतियोगिता में तजाकिस्तान, सीरिया, मलेशिया, श्रीलंका, थाईलैंड, इंडोनेशिया सहित कई देशों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
कार्यक्रम में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, प्रमोद नैनवाल, उत्तरांचल ओलंपिक संघ अध्यक्ष महेश नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मेयर काशीपुर दीपक बाली, आयुक्त कुमाऊं मंडल व सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना, एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा सहित कई जनप्रतिनिधि और खेलप्रेमी मौजूद रहे।