
उत्तराखंड: रुड़की में भीषण सड़क हादसा, भाजपा नेता अमित सैनी की मौत
रुड़की (हरिद्वार)। उत्तराखंड में लगातार बढ़ते सड़क हादसों के बीच हरिद्वार जिले से एक और दुखद खबर सामने आई है। रुड़की-धनौरी मार्ग पर देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में भाजपा नेता अमित सैनी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह अपनी कार से रुड़की से धनौरी की ओर जा रहे थे।
जानकारी के अनुसार, दो सड़कों के बीच उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अमित सैनी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
अमित सैनी भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष रह चुके थे। बताया जा रहा है कि वह किसी निजी कार्य से रुड़की आए थे और काम निपटाकर घर लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद मौके से गुजर रहे लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शव को कार से बाहर निकालकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया। हादसे की जानकारी परिजनों को दी गई, जिसके बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
पिरान कलियर थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। इस हादसे में अमित सैनी की मृत्यु हुई है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









