अल्मोड़ा में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने किया केंद्रीय बजट 2026-27 का विश्लेषण, उत्तराखंड को बताया विकास का बड़ा लाभार्थी

अल्मोड़ा। प्रदेश के कृषि, ग्राम्य विकास एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी सोमवार से दो दिवसीय कुमाऊँ दौरे पर हैं। दौरे के पहले दिन अल्मोड़ा पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद नगर निगम सभागार में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने बजट की प्रमुख विशेषताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में भारत की जीडीपी वृद्धि दर 7.4 प्रतिशत अनुमानित है, जो खपत और निवेश से प्रेरित है। उन्होंने बताया कि भारत लगातार चौथे वर्ष दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है, जबकि वैश्विक विकास दर लगभग 3 प्रतिशत के आसपास है।

उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश ने पूंजी आधारित विकास की दिशा में निर्णायक कदम बढ़ाए हैं। वर्ष 2026-27 के बजट में कुल पूंजीगत व्यय लगभग 12.2 लाख करोड़ रुपये रखा गया है, जो वर्ष 2013-14 की तुलना में 430 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि को दर्शाता है। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्गों के लिए आवंटन में लगभग 500 प्रतिशत, रक्षा क्षेत्र में 210 प्रतिशत से अधिक, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण में 176 प्रतिशत तथा शिक्षा क्षेत्र में 110 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि रक्षा और रणनीतिक क्षमताओं को मजबूत करने पर लगातार जोर दिया गया है। इससे आयात पर निर्भरता कम हुई है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के अनुरूप स्वदेशी रक्षा विनिर्माण को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में राष्ट्रीय राजमार्गों की कुल लंबाई लगभग 91 हजार किलोमीटर थी, जो 2026 में बढ़कर लगभग 1 लाख 46 हजार किलोमीटर हो गई है। वहीं मेट्रो नेटवर्क 248 किलोमीटर से बढ़कर 1,000 किलोमीटर से अधिक हो चुका है। देश में हवाई अड्डों की संख्या 70 से बढ़कर लगभग 160 हो गई है।

पिछले पांच वर्षों में 57 हजार किलोमीटर से अधिक राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण किया गया, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। वर्तमान में देश में 164 से अधिक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित हो रही हैं, जबकि 260 स्लीपर ट्रेनसेट और सात नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर स्वदेशी तकनीक से विकसित किए जाने की योजना है।

उन्होंने कहा कि उड़ान योजना के तहत अब तक 1.5 करोड़ यात्री उन मार्गों पर यात्रा कर चुके हैं, जो पहले अस्तित्व में नहीं थे। इससे भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा घरेलू विमानन बाजार बन गया है।

उत्तराखंड के संदर्भ में बोलते हुए गणेश जोशी ने कहा कि बजट में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। इससे राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। साथ ही वन क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों के आसपास स्वास्थ्य आधारित पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने बताया कि बजट में राज्यों के साथ साझेदारी में पर्यटन विकास की योजनाएं शामिल हैं, जिनमें क्षेत्रीय चिकित्सा-पर्यटन हब, पारंपरिक पर्यटन सर्किट और उत्तराखंड, हिमाचल तथा जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी राज्यों में पर्यावरण-संवेदनशील ट्रैकिंग व पर्यटन मार्गों का विकास शामिल है। इससे स्थानीय आय बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के अनुसार राज्यों को करों में बढ़ा हुआ हिस्सा और विशेष सहायता दी जाएगी, जिससे उत्तराखंड को पर्याप्त वित्तीय संसाधन मिलेंगे और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी।

पत्रकार वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, कैलाश शर्मा, मेयर अजय वर्मा, प्रकाश भट्ट, विनीत बिष्ट, रवि रौतेला सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सम्बंधित खबरें