
अम्मा के भरोसे पर खरी उतरी नैनीताल पुलिस, 8 घंटे में चोरी का बक्सा बरामद
हल्द्वानी। बुजुर्ग महिला के विश्वास को कायम रखते हुए नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना का महज 8 घंटे में खुलासा कर दिया। चोरी किए गए जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज, सोने-चांदी के जेवरात और नगदी से भरा लोहे का बक्सा पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में शातिर चोर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
मामला हल्द्वानी के बद्रीपुरा क्षेत्र का है। दिनांक 15 जनवरी 2026 को दया नेगी पत्नी स्वर्गीय जगत सिंह नेगी, निवासी तल्ला गोरखपुर बद्रीपुरा, हल्द्वानी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी। उन्होंने बताया कि दोपहर के समय एक अज्ञात व्यक्ति किराए पर कमरा लेने के बहाने उनके घर आया। आरोपी ने अपना नाम दीपक बिष्ट निवासी दन्या, जिला अल्मोड़ा बताते हुए 8 हजार रुपये प्रतिमाह किराया तय किया।

आरोपी ने सामान लाने के बहाने घर के पीछे का गेट खुलवाया। जैसे ही बुजुर्ग महिला पीछे की ओर गई, मौके का फायदा उठाकर आरोपी घर के दो मंजिला भवन के कमरे से लोहे का बक्सा चोरी कर ले गया। बक्से में सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, सोने की बाली, करीब 10 हजार रुपये नगद, साड़ियां और जमीन की रजिस्ट्री रखी हुई थी।
तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा एफआईआर संख्या 15/26, धारा 305/331(3) बीएनएस के तहत पंजीकृत किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने तत्काल संज्ञान लेते हुए शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया।
पुलिस ने बरेली रोड मेडिकल कॉलेज गेट के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसकी पहचान विरेन्द्र सिंह बिष्ट पुत्र हरीश सिंह बिष्ट निवासी खाड़ी सुनार, थाना सोमेश्वर, जिला अल्मोड़ा (उम्र 34 वर्ष) के रूप में हुई। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पूरा सामान बरामद कर लिया गया, जिसके आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
बरामदगी में शामिल सामान:
लोहे का बक्सा, जमीन की रजिस्ट्री, मंगलसूत्र, सोने की बाली, चांदी की पायल, बिछुए, चांदी के सिक्के और 8 हजार रुपये नगद।
नैनीताल पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है। बुजुर्ग महिला ने पुलिस की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।









