
अनुशासनहीनता पर भाजपा का कड़ा प्रहार: युवा मोर्चा मंत्री विपिन पांडे पद से बर्खास्त, सदस्यता भी समाप्त
उत्तराखंड भाजपा ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि संगठन में अनुशासन से समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। इसी कड़ी में पार्टी ने बड़ा कदम उठाते हुए भाजपा युवा मोर्चा उत्तराखंड के प्रदेश मंत्री विपिन पांडे को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया है। साथ ही उनकी सक्रिय सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है।
यह कार्रवाई भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के निर्देश पर की गई, जिसकी आधिकारिक जानकारी युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शशांक रावत ने साझा की।
पार्टी नेतृत्व ने दो टूक कहा है कि भाजपा में आचार संहिता और अनुशासन सर्वोच्च हैं और पद या दायित्व कोई भी क्यों न हो, नियम तोड़ने वालों पर कठोर कार्रवाई तय है।
भाजपा का यह निर्णय संगठन के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए एक सख्त संदेश है कि अनुशासन ही संगठन की रीढ़ है और उल्लंघन करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं।