
उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर कांग्रेस का भव्य उत्सव: 9 नवंबर को मुख्यालय में केक काटने के साथ होगी आतिशबाजी
देहरादून। उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस पार्टी रजत जयंती वर्ष को बड़े धूमधाम से मनाने जा रही है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने एक से 14 नवंबर तक पूरे प्रदेश में “रजत जयंती पखवाड़ा” मनाने की घोषणा की है। इस दौरान जनसरोकारों, राज्य आंदोलनकारियों की स्मृति और उत्तराखंड के विकास पर केंद्रित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य समारोह 9 नवंबर को देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में होगा, जहां राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर केक काटा जाएगा और आतिशबाजी के साथ जश्न मनाया जाएगा।
प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह और गणेश गोदियाल सहित वरिष्ठ नेता एक नवंबर को कचहरी स्थित शहीद स्थल पर राज्य आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
2 नवंबर को प्रदेशभर की ब्लॉक कांग्रेस कमेटियाँ विकास गोष्ठियाँ आयोजित करेंगी, जबकि 3 नवंबर को जिला अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण किया जाएगा।
5 नवंबर को कांग्रेस नेतृत्व द्वारा पत्रकार वार्ता आयोजित होगी, वहीं 6 नवंबर को रामपुर तिराहा में शहीद आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
7 नवंबर को राज्य निर्माण के मूल उद्देश्यों और उपलब्धियों पर विचार सम्मेलन, और 8 नवंबर को 25 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी।
11 से 14 नवंबर तक प्रदेश की सभी 70 विधानसभाओं में ‘जय उत्तराखंड, जय भारत तिरंगा यात्रा’ निकाली जाएगी, जिसमें जनता से राज्य के वर्तमान हालात और भविष्य की दिशा पर संवाद किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल और श्रम विभाग अध्यक्ष दिनेश कौशल भी मौजूद रहे।










