
SSP नैनीताल ने किया E.V.C.L. क्रिकेट लीग फर्जीवाड़े का खुलासा, 32 लाख की धोखाधड़ी में आयोजक गिरफ्तार
गौलापार अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में प्रस्तावित क्रिकेट लीग के नाम पर दो टीम मालिकों से की गई ठगी, काठगोदाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई
नैनीताल जनपद के गौलापार स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने वाली बहुचर्चित E.V.C.L. (एपिक विक्ट्री क्रिकेट लीग) के नाम पर हुए बड़े फर्जीवाड़े का एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने खुलासा किया है। क्रिकेट लीग के आयोजन के नाम पर दो टीम मालिकों से कुल 32 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को काठगोदाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही अभियुक्त के लेनदेन से जुड़े दो बैंक खातों को फ्रीज किया गया है।
दिनांक 05 फरवरी 2026 को वादी हेमंत शर्मा (निवासी झज्जर, हरियाणा) तथा नारायण पाल (पूर्व विधायक सितारगंज, निवासी हल्द्वानी) द्वारा थाना काठगोदाम में तहरीर दी गई। तहरीर में आरोप लगाया गया कि E.V.C.L. क्रिकेट लीग के मालिक विकास ढाका ने लीग के आयोजन और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की भागीदारी का झांसा देकर उनसे मोटी रकम ऐंठ ली।
शिकायत के आधार पर थाना काठगोदाम में एफआईआर संख्या 13/2026 एवं 14/2026, धारा 318(4) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष काठगोदाम विमल मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 06 फरवरी 2026 को आरोपी विकास ढाका को मल्ला काठगोदाम क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
ऐसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम
आरोपी विकास ढाका ने टीम मालिकों को यह विश्वास दिलाया कि क्रिकेट लीग में हरभजन सिंह, इरफान पठान, प्रवीण कुमार, मनप्रीत गोनी जैसे अंतरराष्ट्रीय एवं रणजी खिलाड़ी भाग लेंगे।
हेमंत शर्मा से “यू.पी. वॉरियर्स” टीम की फ्रेंचाइजी के नाम पर 23 लाख रुपये लिए गए।
नारायण पाल से “उत्तराखंड सोल्जर्स” टीम के लिए नकद और प्रचार सामग्री सहित कुल 9 लाख रुपये की ठगी की गई।
टूर्नामेंट की निर्धारित तिथि 01 फरवरी 2026 को भी आयोजन शुरू नहीं हुआ। पूछताछ करने पर आरोपी द्वारा टालमटोल किया गया। बाद में यह भी सामने आया कि जिन अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के नाम लिए जा रहे थे, उन्हें इस आयोजन की कोई जानकारी ही नहीं थी। न तो लीग से संबंधित लोगो, ड्रेस और न ही होर्डिंग्स तैयार की गई थीं।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
विकास ढाका, पुत्र यशवीर सिंह ढाका
निवासी: A-162, सेक्टर, नोएडा (उत्तर प्रदेश)
उम्र: 35 वर्ष
पुलिस टीम
▪️ उप निरीक्षक दिलीप सिंह
▪️ उप निरीक्षक नीतू
▪️ कांस्टेबल करतार सिंह
नैनीताल पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से क्रिकेट लीग के नाम पर हो रही ठगी का पर्दाफाश हुआ है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।









